Total Views: 112

वाराणसी। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के लिए अत्यन्त हर्ष का विषय है कि विज्ञान संस्थान के वनस्पति विज्ञान विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पूर्वी सैकिया को वर्ष 2024 के लिए प्रतिष्ठित ‘‘विज्ञान युवा-शांति स्वरूप भटनागर सम्मान’’ हेतु चयनित किया गया है। डॉ. सैकिया को पर्यावरण विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए इस पुरस्कार हेतु चुना गया है। उनके अनुसंधान विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं- प्लांट इकोलॉजी, जैव विविधता संरक्षण तथा सोएल इकोलॉजी। विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. संजय कुमार, विज्ञान संकाय के प्रमुख प्रो. एसएम सिंह तथा काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के विज्ञान समुदाय के सदस्यों ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए डॉ. सैकिया को शुभकामनाएं प्रेषित की है।

डॉ. पूर्वी सैकिया ने हाल ही में बतौर एसोसिएट प्रोफेसर, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में सेवा आरम्भ की है। इसके पहले वे सेन्ट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखण्ड, रॉची में, कार्यरत थीं। ‘‘विज्ञान युवा-शांति स्वरूप भटनागर सम्मान’’, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के किसी भी क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान के लिए युवा वैज्ञानिकों को प्रोत्साहन एवं पहचान के लिए प्रदान किया जाता है। वर्ष 2024 के पुरस्कारों की घोषणा भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार के कार्यालय द्वारा की गयी है।

Leave A Comment