World
अमेरिकी तानाशाही का विरोध करना भारत का अनिवार्य कर्तव्यः विनीत तिवारी

– विनीत तिवारी
इंदौर, 12 जनवरी 2026.
अनेक वामपंथी एवं लोकतांत्रिक संगठनों ने मिलकर 12 जनवरी 2026 की शाम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा अन्य देशों की संप्रभुता पर किए जा रहे हमले के खिलाफ कमिश्नर कार्यालय के सामने महात्मा गांधी मार्ग पर प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के समय नारे लगाते हुए कार्यकर्ताओं ने कहा कि “अमेरिका की तेल की प्यास के चलते अनेक देशों के लोगों का खून बहाया जा रहा है, यह हम नहीं होने देंगे।” नारे लगे कि अमेरिकी दादागिरी और गुंडागर्दी को और शोषण को रोका जाए। दिलचस्प पोस्टर और बैनर लोगों का ध्यान खींच रहे थे और आते-जाते लोग उन पर लिखी बातों से सहमति जताते दिखे।
राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन में कहा गया कि हाल में अमेरिका ने वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मदुरो और उनकी पत्नी सीलिया फ्लोरेस को उनके अपने देश वेनेज़ुएला की राजधानी कराकस स्थित उनके निवास से अगवा कर लिया है। इस कृत्य के लिए उन्होंने वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति और वहाँ की प्रथम महिला पर जो ड्रग्स तस्करी के इल्ज़ाम लगाए हैं, वे न तो अभी तक प्रमाणित किए जा सके हैं, न ही अमेरिका को किसी भी स्थिति में यह अधिकार है कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक देश की संप्रभुता पर हमला करके वहाँ के राष्ट्र प्रमुख को पकड़ सके। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दो देशों के बीच किसी भी विवाद के निपटारे के लिए संयुक्त राष्ट्र संघ (यूएनओ), इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ़ जस्टिस (आईसीजे) और इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट (आईसीसी) और अन्य संस्थाएँ मौजूद हैं। अमेरिका द्वारा वेनेज़ुएला पर की गई यह कार्रवाई स्पष्टतया अंतरराष्ट्रीय नियमों और कानूनों का खुला उल्लंघन है।
ज्ञापन में आगे कहा गया कि अमेरिका के राजनीतिक नेतृत्व ने अपरिपक्व, दंभी और ताक़त के नशे में मदांध जनविरोधी रुख अपनाते हुए उत्तर कोरिया, रूस, चीन, ईरान, क्यूबा, मैक्सिको, कोलंबिया सहित अन्यान्य देशों को भी धमकी दी है कि उन पर भी अमेरिकी कहर टूट सकता है। इसी सिलसिले में ट्रंप महोदय की एक टिप्पणी ख़ासतौर पर भारत और भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित है जिसमें उन्होंने भारत के राजनीतिक नेतृत्व के प्रति बहुत ही चलताऊ और अपमानजनक टिप्पणी की है।
दुनिया में बढ़ते हुए युद्ध के हालात पर ज्ञापन में कहा गया कि इस बात को भी दुनिया अच्छे से जानती है कि रूस और यूक्रेन के दरम्यान जंग छेड़ने और नाटो के मसले के पीछे भी अमेरिकी षड्यंत्र है, और फलस्तीन के गाज़ा में जारी नरसंहार के पीछे भी इजरायल को हासिल अमेरिकी शह है। और अब अमेरिकी राष्ट्रपति एक सनकी की तरह व्यवहार करते हुए अपनी सनक में दुनिया को नाभिकीय युद्ध के मुहाने पर ला रहे हैं।

