World
फ़लस्तीनी लोग आत्मसम्मान के साथ जीने के हक़ के लिए जीतने तक लड़ेंगे

जॉयसिया थोरात
नई दिल्ली: इज़रायली क़ब्ज़े में जी रहे फ़लस्तीनी लोगों के जुझारूपन और सहनशक्ति के बारे में प्रत्यक्ष जानकारी सुनने का अवसर दिल्ली के लोगों को मिला। इज़रायल ने क़रीब अस्सी वर्षों से फ़लस्तीन के लोगों को लगातार दमन, शोषण और नस्लभेद की स्थिति में रखा हुआ है। इस लगातार अपमान और इंसाफ़ से परेशान होकर ही हमास ने 7 अक्टूबर 2023 को इज़रायल पर हमला किया था जिसके बदले में ग़ज़ा में इज़रायल ने नरसंहार मचा दिया है और 80 हज़ार से भी ज्यादा लोगों को मार डाला है। जो लोग इज़रायल के इस ज़ुल्म का सामना कर रहे हैं, उनमें फ़लस्तीन में रहने वाले मुसलमान ही नहीं, बल्कि ईसाई और यहूदी भी शामिल हैं।

इंडो-फिलिस्तीन सॉलिडैरिटी नेटवर्क (आईपीएसएन) ने 06 मार्च, 2026 को नयी दिल्ली के प्रेस क्लब में "फिलिस्तीन, ज़ायोनी-साम्राज्यवादी प्रभुत्व, और बदलती भू-राजनीति" विषय पर एक परिचर्चा का आयोजन किया था जिसमें पश्चिम एशिया के मामलों के जानकार और वरिष्ठ पत्रकार डॉ. क़मर आगा, कवि, पत्रकार और मानवाधिकार कार्यकर्ता विनीत तिवारी, अर्थशास्त्री डॉ. जया मेहता, संपादक और लेखक पत्रकार डॉ. जॉन दयाल और आईपीएसएन की दिल्ली की समन्वयक जॉयसिया थोराट शामिल थीं।
डॉ. क़मर आगा ने स्थिति की ऐतिहासिकता और अमेरिका और इज़राइल की विस्तारवादी नीति के षड्यंत्रों को ज़ाहिर किया। उन्होंने कहा कि साम्राज्यवादी शक्ति के माध्यम से अमेरिका और इज़रायल दशकों से दूसरे देशों में हस्तक्षेप कर अपना विस्तार कर रहे हैं। ज़ायोनी शासन बाइबिल में उल्लेखित भू-भागों में बसने की अपनी 'ग्रेटर इज़राइल' योजना पर निर्माण का और उन इलाक़ों पर कब्ज़ा कर अपने में मिलाने का काम कर रहा है। हालाँकि 5000 साल पुराना यह क्षेत्र यहूदियों, ईसाइयों और मुसलमानों – तीनों ही इब्राहीमी धर्मों - के लिए पवित्र है। लेकिन धार्मिक बहानों के पीछे, ईरान पर युद्ध और ग़ज़ा में नरसंहार के अमेरिकी और इज़राइली युद्ध का मुख्य उद्देश्य भूमि, तेल, खनिजों, गैस और कीमती पत्थरों जैसे प्राकृतिक संसाधनों पर नियंत्रण हासिल करना है। द्वितीय विश्व युद्ध की समाप्ति के बाद अमेरिका और इज़रायल को अरब देशों कि अधिकांश वैयक्तिक राजसी ऐयाश सत्ताओं का समर्थन हासिल होता रहा है।
डॉ. आगा ने ईरान और भारत के लोगों के सदियों पुराने संबंधों का एक सजीव ऐतिहासिक चित्र प्रस्तुत किया। बहुत पहले नहीं, ईरान और भारत के लोग व्यापार और धार्मिक उद्देश्यों के लिए सड़कों, ट्रेनों और समुद्र के रास्ते ईरान की यात्रा करते थे। इस मार्ग पर आज भी कई सराय मौजूद हैं जहाँ लोग रुकते थे और सस्ता और अच्छा भोजन प्राप्त करते थे। ईरान और भारत के रिश्ते दो सभ्यताओं के अंतसंबंधों से सदियों में बने हैं, जिन्हें भारत के मौजूदा शासक अमेरिका के डर के सामने शर्मिंदा कर रहे हैं।
